प्रयागराज की आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अनीता बिंद की झारखंड के चंद्रपुरा में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर लाए जाने पर मांडा के उल्दा गांव में कोहराम मच गया, हत्यारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
(प्रयागराज)। यमुनापार के मांडा थाना क्षेत्र की रहने वाली आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की झारखंड में हत्या कर दी गई। चाकू से गोदकर जान से मारने के बाद भाग रहा हत्यारा पकड़ा गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का शव घर लाया गया तो माहौल गमगीन हो गया।
मांडा थाना क्षेत्र के दिघिया चौकी अंतर्गत उल्दा गांव की 30 वर्षीय अनीता बिंद पुत्री काशी बिंद की मई में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर झारखंड के चंद्रपुरा में नियुक्ति हुई थी। अनीता की 17 सितंबर को चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या कर भागते समय मकान मालिक ने हत्यारे को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने वारदात की जानकारी अनीता के घरवालों दी तो वे झारखंड पहुंचे। शनिवार सुबह अनीता का शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। अनीता चार भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी। उसकी शादी नहीं हुई थी।



