साहिबगंज। सदर प्रखंड अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हाजीपुर पूरब पंचायत के बड़ी कोदरजन्ना नया टोला में शुक्रवार की रात बाढ़ के पानी में डूबने से करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पुष्पा देवी, पति मुरारी मंडल के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मृतका के पति मुरारी मंडल ने बताया कि उनका घर बाढ़ के पानी से चारों ओर से घिरा हुआ है। शुक्रवार की रात पुष्पा देवी शौच के लिए घर से अकेले निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वह बाढ़ के पानी में डूबी हुई मिलीं। पानी में डूबने से उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना परिजनों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई अखिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया।
पुष्पा देवी अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियां छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि साहिबगंज सदर प्रखंड का अधिकांश ग्रामीण इलाका इन दिनों बाढ़ की चपेट में है। पिछले एक सप्ताह के दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।



