बोरियो। थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। पहली घटना बोरियो-बरहेट मुख्य पथ के जीरूल मोड़ के समीप हुई, जहां ऑटो पलटने से चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कालीदह निवासी पकु मुर्मू (22), मंझली टुडू (50), बड़ा बनगामा निवासी सकल टुडू (18) और बड़ा कुशमी निवासी प्रोजन सोरेन (18) ऑटो से कालीदह से बोरियो हटिया आ रहे थे। इसी दौरान जीरूल मोड़ के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी घायलों को बोरियो सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने प्राथमिक उपचार किया।
वहीं दूसरी घटना बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य पथ के धौगोड़ा के समीप हुई। गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ने से सकरीगली निवासी सजन अंसारी (23) और महाराजपुर निवासी मौफिक अंसारी (24) घायल हो गए। दोनों को उनके साथियों ने बोरियो सीएचसी पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट के कारण प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।



