साहिबगंज: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए साहिबगंज पुलिस ने पहल की है। एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के चार थाना परिसरों में लंगर शुरू किया गया है, जहां बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य बाढ़ के कारण भोजन की समस्या से जूझ रहे लोगों को तत्काल राहत पहुंचाना है। थाना स्तर पर शुरू की गयी इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
इन चार थानों में की गयी भोजन की व्यवस्था
पुलिस प्रशासन के अनुसार राजमहल थाना, नगर थाना, गंगा थाना और मुफस्सिल थाना परिसर में लंगर की व्यवस्था शुरू की गयी है। बाढ़ प्रभावित लोग अपने नजदीकी थाना परिसर में पहुंचकर भोजन कर सकते हैं।
इसके अलावा जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने को लेकर भी पुलिस स्तर से आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।
आपदा के समय लोगों के साथ खड़ा है पुलिस प्रशासन
एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के दौरान पुलिस प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के राहत कार्यों के साथ पुलिस भी अपने स्तर से सहयोग कर रही है।
एसपी के अनुसार लंगर शुरू करने का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों को भोजन उपलब्ध कराना है, जिन्हें बाढ़ के कारण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी
गंगा का जलस्तर बढ़ने से साहिबगंज के कई ग्रामीण और तटीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ भोजन की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण हो गयी है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की आपात स्थिति होने पर तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गयी है।



