Madhubani Road Accident: मधुबनी के पंडौल में NH-27 पर ट्रक और बाइक की भीषण टक्कर में दरभंगा के एक विकास मित्र की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पंडौल (मधुबनी)। Madhubani Road Accident: मधुबनी के पंडौल थाना क्षेत्र में सरिसब पाही के पास एनएच-27 पर शुक्रवार को ट्रक और बाइक की भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र की टटुआर पंचायत के विकास मित्र रामकिशुन राम के रूप में हुई है।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
बताया गया कि दोनों बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मुआवजे की मांग पर जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-27 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पंडौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जाम हटाने और शव को कब्जे में लेने की कार्रवाई में जुटी है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।



