Bihar Crime News Digital Creator:मुजफ्फरपुर में तैनात एसएसबी के एएसआई विकास कुमार को महिला फेसबुक ब्लॉगरों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। जांच समिति आरोपों की गहनता से जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Ssb Asi Suspended: मुजफ्फरपुर सेक्टर हेडक्वार्टर में तैनात एसएसबी के एएसआई विकास कुमार को महिला फेसबुक ब्लॉगरों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है।
जांच पूरी होने तक उन्हें मुख्यालय में ही रहने का आदेश दिया गया है। निलंबन अवधि तक एएसआई 24 घंटे अधिकारियों की निगरानी में रहेंगे और अपने निजी आवास पर भी नहीं जा सकेंगे।
महिलाओं के बयान दर्ज
मामले की जांच के लिए गठित कमेटी के समक्ष यूपी और दिल्ली की तीन महिलाओं ने गुरुवार को अपने बयान दर्ज कराए। हालांकि, जांच टीम को तीनों पीड़ितों के बयानों में कई बिंदुओं पर विरोधाभास मिला है।
इस बीच आरोपों से घिरे एएसआई ने भी संबंधित महिलाओं के खिलाफ साइबर थाने में केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
एसएसबी अधिकारी का बयान
मामले की जानकारी देते हुए एसएसबी के सेकेंड इन कमान रजनीश कुमार मोलर ने बताया कि प्रकरण की जांच चल रही है।
जांच कमेटी ने आरोपित एएसआई विकास कुमार का भी बयान दर्ज कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच जारी रहने के दौरान किसी भी बिंदु पर बोलना उचित नहीं होगा।
होटल पहुंची जांच टीम
दिल्ली की महिला ने आरोप लगाया था कि 7 दिसंबर को स्टेशन के समीप एक होटल के कमरा नंबर 103 में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। एसएसबी की एक टीम शुक्रवार को जांच के लिए संबंधित होटल पहुंची और वहां के दस्तावेज खंगाले।
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें हालांकि होटल प्रबंधन और रिकॉर्ड्स के अनुसार महिला अथवा आरोपित के वहां ठहरने का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं मिला।
लखनऊ की महिलाओं का आरोप
उधर, लखनऊ की दो महिला डिजिटल क्रिएटर्स ने कमेटी को बताया कि विकास कुमार ने फेसबुक की समस्याओं के समाधान के नाम पर मोटी रकम ऐंठी।
इसके अलावा उन महिलाओं ने अश्लील हरकतें करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। एसएसबी की जांच टीम इन सभी आरोपों की गहनता से जांच कर रही है।
साइबर थाने में शिकायत
वहीं एएसआई विकास कुमार ने साइबर थाने में आवेदन देकर महिलाओं पर इंटरनेट मीडिया के जरिए बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस विवाद के पीछे इंटरनेट मीडिया कंटेंट और उससे होने वाली कमाई से जुड़ा पहलू भी सामने आ रहा है। आरोपी एएसआई के फेसबुक पर करीब 25 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं।
मां ने बताया साजिश
विकास कुमार की मां प्रमिला देवी ने अपने बेटे पर लगे आरोपों को हनी ट्रैप की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि विकास ने साइबर क्राइम का प्रशिक्षण लिया है और उसने कई लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाया भी है। फिलहाल एसएसबी की जांच कमेटी सभी बयानों, आवेदनों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



