उधवा। उधवा प्रखंड की दक्षिण पलाशगाछी पंचायत के कई टोले इन दिनों बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को खाद्य सामग्री, पशु चारा सहित अन्य जरूरी सामान की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए पंचायत की मुखिया नफीसा खातून ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कराने और जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरण कराने की मांग की है। दिए गए आवेदन में मुखिया ने बताया कि मंगलवार तक पंचायत के बानू टोला, कमर टोला, चामाग्राम, मोहब्बत टोला, हब्बू टोला और सुभान टोला बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें बानू टोला का टापू क्षेत्र पूरी तरह बाढ़ प्रभावित बताया गया है, जबकि अन्य टोलों में आंशिक रूप से बाढ़ का पानी पहुंचा है। बानू टोला के टापू क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति विशेष रूप से गंभीर बनी हुई है। पानी बढ़ने के कारण ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के साथ-साथ खाद्य सामग्री और पशुओं के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो रही है। मुखिया ने अंचल प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित सभी क्षेत्रों का तत्काल स्थल निरीक्षण एवं जांच कराकर प्रभावित परिवारों की वास्तविक स्थिति का आकलन और जरूरत के अनुसार ग्रामीणों के बीच खाद्य एवं अन्य राहत सामग्री तथा पशु चारा उपलब्ध कराने की मांग की है।



