वीडियो देखते ही परिजनों ने एसीन को पहचान लिया, पुलिस और फाउंडेशन की पहल से हुई घर वापसी
राजमहल। सोशल मीडिया पर जारी महज 10 सेकंड के एक वीडियो ने करीब 10 साल से लापता एसीन शेख को उसके परिवार से मिला दिया। बताया जाता है कि करीब एक दशक पहले मुंबई में एसीन अपने पिता शमसुद्दीन शेख से बिछड़ गया था। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस और फाउंडेशन के प्रयास से हुई सकुशल घर वापसी :
बीते 15 अगस्त को केरल हेल्थ केयर फाउंडेशन ने इंस्टाग्राम पर एसीन का वीडियो जारी किया। वीडियो देखते ही परिजनों ने उसे पहचान लिया और राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फाउंडेशन के प्रयास से एसीन सकुशल अपने परिवार तक पहुंचा। बेटे को सामने देखकर पिता भावुक हो उठे। फाउंडेशन के मैनेजर शमसुद्दीन ने खुशी जताई। नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख ने बताया कि एसीन ने फाउंडेशन की शॉर्ट फिल्म में बेहतर अभिनय भी किया है। आने वाले दिनों में उसे सम्मानित किया जाएगा।



