उधवा। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से मंगलवार को उधवा प्रखंड कार्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित कर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा को संबोधित करते हुए झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन पार्टी के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से झामुमो परिवार में शोक की लहर है और कार्यकर्ताओं ने एक समर्पित नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता के योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने कुछ क्षण का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, उपाध्यक्ष जैनुल आब्दीन, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अनवारूल हक, टीपू सुल्तान, सकल हेंब्रम, मुखिया अताउर रहमान, पाइका हेंब्रम, सरफराज, मंजूर, जाबिर आलम, जहांगीर अली, रूहुल अमीन, डॉली नाज, भोला शेख सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।



