छात्र परेशान, राहत और मूलभूत सुविधाओं की मांग
साहेबगंज: गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण साहेबगंज कॉलेज का छात्रावास बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिर गया है। छात्रावास परिसर के आसपास गंदा पानी जमा होने से विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी से दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और संक्रमण तथा जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सबसे अधिक परेशानी छात्रों को स्वच्छ पेयजल और भोजन की व्यवस्था को लेकर हो रही है।
प्राचार्य ने किया छात्रावास का निरीक्षण :

बाढ़ का पानी प्रवेश करने पर जताई चिंता, नंदन भवन में वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव:
बीते दिन साहेबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रोफेसर डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने छात्रावास का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। छात्रावास में बाढ़ का पानी प्रवेश करने को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त की। प्राचार्य ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज के नंदन भवन सभागार हॉल में स्थानांतरित होकर रहने की सलाह दी, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ पढ़ाई भी सुचारू रूप से जारी रह सके।
छात्रों ने प्रशासन से मांगी राहत:
विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन और कल्याण कार्यालय से स्वच्छ पेयजल, खाद्य सामग्री, दवाइयां, मच्छररोधी छिड़काव और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था तत्काल कराने की मांग की है। छात्रों ने प्रशासन से छात्रावास का निरीक्षण कर आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।



