तीनपहाड़। तीनपहाड़ बाजार में शनिवार को खाद्य विभाग की टीम के औचक निरीक्षण से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने नीचे टोला, मुख्य बाजार और सुभाष चौक स्थित खाने-पीने की दुकानों में खाद्य उत्पादों की जांच की और प्रतिबंधित सामान की खरीद-बिक्री की स्थिति खंगाली।
जांच के दौरान टीम ने दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया। करीब आधा दर्जन दुकानों पर नियमों के उल्लंघन को लेकर लगभग 4,500 से 5,000 रुपये तक का जुर्माना वसूला गया। वहीं, कुछ दुकानों में खाने-पीने की सामग्री खराब मिली, जिसे लेकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
इधर, खाद्य विभाग की कार्रवाई के बीच बाजार में इनकम टैक्स की टीम आने की अफवाह फैल गई। इसके बाद कई दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर गिरा दिए और बाजार में बंदी जैसा माहौल बन गया। बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर बाजार सामान्य हुआ।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नवरंगदेव कुमार, आशीष कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी शाहिद अहमद खान, प्रदीप यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे |



