साहिबगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को गंगा मिशन कोलकाता की साहिबगंज शाखा एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार, साहिबगंज के संयुक्त तत्वावधान में दहला दुर्गा स्थान रोड स्थित महिला महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आम, कटहल, नारियल और आंवला समेत 40 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर वार्ड पार्षद सुशील भारतीया, सामाजिक कार्यकर्ता चंदेश्वर प्रसाद, बोधी सिन्हा, महाविद्यालय के प्राचार्य अनूप कुमार साह, गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी संजीत कुमार चौधरी, कल्याण श्रीवास्तव एवं ओम प्रकाश सिन्हा ने गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ किया।
प्राचार्य ने लोगों से आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील की। पार्षद ने कहा, “धरती मां करे पुकार, वृक्षों से करो श्रृंगार।” कल्याण श्रीवास्तव ने पौधे को सुपुत्र के समान बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रमोद कुमार पांडेय, जगदीश शर्मा, दीपक कनोडिया, राजेश गुप्ता समेत कई लोगों का सहयोग रहा।



