कई मामलों का मौके पर किया समाधान, ड्यूटी में लापरवाही नहीं बरतने का दिया निर्देश
साहिबगंज। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में शनिवार को एसपी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस सभा का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस जवानों के संगठन के पदाधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
सभा के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की समस्याओं का हरसंभव समाधान करना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश देते हुए ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, लेकिन ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर मुख्यालय डीएसपी रविकांत साहू, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद थे।



