50 हजार पोस्टर, पंपलेट और स्टिकर के जरिए लोगों को किया जाएगा जागरूक, सितंबर के तीसरे सप्ताह में अभियान
साहिबगंज। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी पर रोकथाम के लिए साहिबगंज पुलिस जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता पोस्टर जारी किया। साथ ही जिला साइबर सेल का हेल्पलाइन नंबर 06436326026 भी जारी किया गया।
एसपी ने जिलेवासियों से ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि पुलिस या किसी जांच एजेंसी के नाम पर फोन अथवा व्हाट्सएप कॉल आए तो तत्काल भरोसा नहीं करें। इसकी सत्यता की जांच नजदीकी थाना या 112 पर संपर्क कर की जा सकती है। साइबर फ्रॉड होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
एसपी ने बताया कि लोगों में जागरूकता की कमी साइबर अपराध बढ़ने का प्रमुख कारण है। इसी को देखते हुए सितंबर के तीसरे सप्ताह में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थान, सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एसपी, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ लोगों को जागरूक करेंगे।
अभियान की तैयारी तेज:
अभियान के लिए करीब 50 हजार पोस्टर, पंपलेट और कार-बाइक स्टिकर तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें सार्वजनिक स्थानों पर लगाकर साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। एसपी ने कहा कि जागरूकता बढ़ने से साइबर अपराध में कमी लाने के साथ-साथ साइबर अपराध होने पर मामलों के बेहतर अनुसंधान में भी मदद मिलेगी। मौके पर मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, मेजर रोहित दुबे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।



