मूल दस्तावेज निर्गत कराने के लिए परेशान मतदाता, प्रक्रिया सुगम बनाने की मांग
बोरियो/साहिबगंज। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में सामने आई विसंगतियों के सुधार को लेकर शनिवार को बोरियो अंचल कार्यालय में मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिन मतदाताओं के पिछले एसआईआर और वर्तमान मतदाता सूची में मिलान नहीं हो रहा है, उम्र में अंतर अथवा अन्य विसंगतियां पाई गई हैं, उन्हें मूल दस्तावेज के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर सत्यापन कराना है।
निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, परिवार सूची, वन पट्टा, बिहार राज्य के समय की एसआईआर सूची का अंश, एक जुलाई 1987 से पूर्व के बैंक, डाकघर एवं बीमा संबंधी दस्तावेज व पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा सरकार द्वारा जारी भूमि या मकान आवंटन प्रमाण पत्र प्रमुख हैं।
इधर, कई मतदाताओं ने बताया कि बीएलओ द्वारा विसंगति संबंधी नोटिस देर से दिया गया है। ऐसे में कम समय में आवश्यक मूल दस्तावेज तैयार कराना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। 7 सितंबर को मूल दस्तावेज के साथ प्रखंड कार्यालय में उपस्थित होना है, लेकिन कई लोगों के प्रमाण पत्र अब तक निर्गत नहीं हो सके हैं।
शनिवार को अंचल कार्यालय में विशेष रूप से ऑफलाइन जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रमाण पत्र निर्गमन की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था करने की मांग की है।



