साहिबगंज-मालदा मेमू रद्द, 13410 किऊल-मालदा एक्सप्रेस साहिबगंज में होगी शॉर्ट टर्मिनेट
साहिबगंज/बरहरवा। मालदा रेल मंडल में तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच अप लाइन पर भू-धंसान के कारण रेल परिचालन पर असर पड़ा है। स्थिति को देखते हुए पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों को रद्द करने, कुछ ट्रेनों का मार्ग बदलने तथा दो ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त करने का निर्णय लिया है।
पूर्व रेलवे की ओर से 3 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 3 सितंबर से यात्रा शुरू करने वाली 13147 सियालदह-बामनहाट उत्तरबंगा एक्सप्रेस को बंडेल-कटवा-अजीमगंज-न्यू फरक्का होकर चलाया जाएगा। इस दौरान ट्रेन का नैहाटी, बंडेल, कटवा, खागड़ाघाट रोड और अजीमगंज में ठहराव रहेगा।
इसी मार्ग से 13149 सियालदह-अलीपुरद्वार कंचनकन्या एक्सप्रेस और 13153 सियालदह-मालदा टाउन गौड़ एक्सप्रेस को भी चलाने की घोषणा की गई थी। हालांकि, बाद में जारी अपडेट में इन दोनों ट्रेनों को 3 सितंबर की यात्रा के लिए रद्द कर दिया गया है।
वहीं 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल, जिसकी यात्रा 2 सितंबर से शुरू हुई, को किऊल-मुंगेर-कटिहार होकर चलाया गया है।
साहिबगंज-मालदा मेमू रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी:

भू-धंसान के कारण 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन MEMU और 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज MEMU को 4 सितंबर से शुरू होने वाली यात्रा के लिए रद्द कर दिया गया है। इससे साहिबगंज, बरहरवा, पाकुड़ और मालदा के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा 13011 हावड़ा-मालदा टाउन एक्सप्रेस 3 सितंबर की यात्रा में रामपुरहाट तक ही चलेगी और वहीं शॉर्ट टर्मिनेट होगी। वहीं 13410 किऊल-मालदा टाउन एक्सप्रेस 3 सितंबर की यात्रा में साहिबगंज तक ही चलेगी।
कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी रद्द:
पूर्व रेलवे के ताजा अपडेट के अनुसार 3 सितंबर की यात्रा के लिए 13149 कंचनकन्या एक्सप्रेस, 13153 गौड़ एक्सप्रेस, 12343 सियालदह-हल्दीबाड़ी दार्जिलिंग मेल और 12377 सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार पदातिक एक्सप्रेस रद्द रहेंगी। वहीं 13173 सियालदह-साबरूम कंचनजंघा एक्सप्रेस 4 सितंबर की यात्रा के लिए रद्द की गई है।
रेलवे की तकनीकी टीम प्रभावित रेलखंड पर स्थिति को सामान्य करने में जुटी है। भू-धंसान के कारण परिचालन में किए गए बदलाव से बरहरवा-साहिबगंज रेलखंड के यात्रियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।



