बरहरवा/साहिबगंज। लगातार बारिश से गुमानी नदी का जलस्तर बढ़ने और कटाव के कारण आसपास के इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। श्रीकुंड पंचायत के पठानटोली और वार्ड नंबर 9 में बाढ़ का पानी कई घरों में घुस गया है। कई जगह ग्रामीण बांस के सहारे पानी से भरे रास्ते पार करने को मजबूर हैं।
घर के बाहर पानी जमा होने से परिवार छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पानी घरों में पहुंचने से कई परिवारों के चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं और भोजन बनाने में परेशानी हो रही है। कुछ परिवार सुरक्षित स्थानों और दूसरे लोगों के घरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
बाढ़ का पानी बरहरवा-पाकुड़ मुख्य सड़क के हरिहरा क्षेत्र में भी पहुंच गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं गुमानी स्टेशन रोड पर भी पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित है।
इधर, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के निर्देश पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने बरहेट बैरेज का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी जारी है |



