बरहेट-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर पिकअप वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, साथी गंभीर रूप से घायल
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर कदमा गांव के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में आमापाड़ा के नारायणपुर निवासी निकोलश हसदा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जिनसे टुडू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया कि निकोलश अपनी पत्नी के एसआईआर कार्य से संबंधित जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में मंडरो गया था। कार्य पूरा होने के बाद वह अपने साथी जिनसे टुडू के साथ बाइक से आमापाड़ा लौट रहा था। इसी दौरान कदमा गांव के समीप तेज रफ्तार मुर्गा लदे पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में निकोलश के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया पीछे
निकोलश की मौत के बाद उसकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो महिला मोर्चा की जिला सचिव संगीता हसदा ने बरहेट प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं सचिव मुजिबुल रहमान को दी।
झामुमो नेताओं ने मृतक के परिजनों से मिलकर हरसंभव सरकारी सहायता एवं मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।



