तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के रामचौकी गांव में पुलिस ने की छापेमारी
तीनपहाड़। तीनपहाड़ थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम थाना क्षेत्र के रामचौकी गांव में छापेमारी कर लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामचंद्र पंडित (50), पिता स्व. नारायण पंडित के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ घर में जबरन घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या 155/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में घूम रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी गौरव भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने रामचौकी गांव पहुंचकर छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर थाना ले आई।
पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बुधवार सुबह आरोपी को न्यायिक हिरासत में राजमहल जेल भेज दिया।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी गौरव भगत, एसआई नारद गहलोत, एएसआई प्रदीप यादव सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।



