मां तारा मंदिर से निकली यात्रा ने शहर का किया भ्रमण, गंगा तट पर पूजन के बाद मंदिर में हुआ समापन
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के नॉर्थ कॉलोनी स्थित रेलवे जनरल इंस्टीट्यूट के समीप मां तारा मंदिर परिसर से मंगलवार को 801 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह से सराबोर श्रद्धालु ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे, घोड़े और सुसज्जित रथ के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में नजर आया।
कलश यात्रा मां तारा मंदिर से निकलकर गांधी चौक, पटेल चौक, चौक बाजार, स्टेशन चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुक्तेश्वरधाम बिजली सीढ़ी स्थित गंगा घाट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां गंगा और देवी-देवताओं का आह्वान एवं पूजन किया। इसके बाद कलश पूजन कर गंगा जल भरा गया और श्रद्धालु पुनः मुख्य मार्ग से होते हुए मां तारा मंदिर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ।
नौ दिनों तक होगी श्रीराम कथा:

समिति सदस्य कुमार कुंदन कुसुम ने बताया कि जगत कल्याण की कामना को लेकर प्रतिवर्ष भाद्रपद अमावस्या के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। वृंदावन से पहुंची कथा वाचिका ऋचा जी की मंडली श्रद्धालुओं को नौ दिनों तक श्रीराम कथा का रसपान कराएगी।
अमावस्या पर विशेष पूजा और हवन:
उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को भाद्रपद अमावस्या के अवसर पर मां तारा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन किया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक आयोजन के साथ मेला और प्रसाद वितरण भी होगा। कलश यात्रा में समिति के सदस्यों के अलावा सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।



