साहिबगंज। संवाददाता। छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी बजरंगी प्रसाद यादव समेत किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और किसानों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा किसान मोर्चा की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन हुआ। प्रदेश प्रभारी बजरंगी प्रसाद यादव ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद बढ़ाने, उनकी समस्याएं समझने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।



