समय रहते शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, लगातार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं से बढ़ी चिंता
उधवा। प्रखंड के चांदशहर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 2 एवं 3 में शनिवार को विद्युत आपूर्ति करने वाले ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विद्युत तार में खराबी के कारण ट्रांसफॉर्मर में आग लगी। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विद्युत व्यवस्था में सुधार और जर्जर तारों को दुरुस्त करने की मांग को लेकर 25 अगस्त को ही विद्युत विभाग को आवेदन देकर शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय रहते विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, जिसका परिणाम शनिवार को ट्रांसफॉर्मर में आग लगने के रूप में सामने आया। वहीं, शुक्रवार को चांदशहर पंचायत के ही वार्ड संख्या 11 में एलटी तार गिरने से तीन लोग घायल हो गए थे। लगातार दो दिनों में विद्युत संबंधी घटनाओं के सामने आने से ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह विद्युत तार जर्जर स्थिति में हैं। ऐसे में समय-समय पर तार, ट्रांसफॉर्मर और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत नहीं होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए चांदशहर पंचायत में जर्जर विद्युत तारों, ट्रांसफॉर्मरों एवं अन्य उपकरणों की तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।



