साहिबगंज। संवाददाता। श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर के गुल्ली भट्टा स्थित बड़ी विषहरी स्थान में मां विषहरी की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूजन डाला भरकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सागर भगत के नेतृत्व में आयोजित पूजा के दौरान पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने मां विषहरी के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। शाम को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूजा समिति की ओर से मेला भी लगाया गया, जिसका लोगों ने जमकर आनंद उठाया।
पूजा समिति ने बताया कि शनिवार को गाजे-बाजे के साथ मां विषहरी की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन स्थानीय गंगा तट पर किया जाएगा।



