रामपुर टोपरा और बलुवा टोली समेत प्रभावित इलाकों का एसडीओ ने लिया जायजा, राहत शिविरों में रहने-खाने की व्यवस्था
साहिबगंज। संवाददाता। साहिबगंज में लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा का जलस्तर 28 मीटर के करीब पहुंचने की स्थिति को देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद ने गुरुवार को सदर प्रखंड के विभिन्न दियारा क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ सदर बीडीओ सह अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू भी मौजूद रहे।
एसडीओ ने रामपुर टोपरा, बलुवा टोली समेत अन्य बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से जलस्तर, आवागमन और संभावित बाढ़ को लेकर जानकारी ली। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों के करीब 250 परिवारों के बीच चूड़ा, गुड़, बिस्किट एवं पेयजल सहित आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया गया।
दो स्थानों पर तैयार किए गए राहत शिविर:
एसडीओ अमर जॉन आइंद ने बताया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए फिलहाल बस स्टैंड के समीप स्थित रैन बसेरा और टाउन हॉल को राहत शिविर के रूप में तैयार किया गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को यहां सुरक्षित रखने के साथ उनके लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी
मवेशियों के लिए भी शुरू हुई चारे की व्यवस्था:
प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति में मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है। गंगा रीवर थाना के समीप मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों के पशुओं को भी आवश्यक सुविधा मिल सके।
एसडीओ ने संबंधित पदाधिकारियों को दियारा क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।



