साहिबगंज। संवाददाता। नगर परिषद के सेवानिवृत्त कर दरोगा संग्राम सिंह सेवानिवृत्ति के 17 वर्ष बाद भी अपने बकाया भुगतान के लिए कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अध्यक्ष को आवेदन देकर अर्जित अवकाश और महंगाई भत्ते की लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की है।
संग्राम सिंह के अनुसार, वे 30 जून 2009 को सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें ग्रेच्युटी का भुगतान किया गया, लेकिन अन्य बकाया राशि अब तक लंबित है। उनका कहना है कि वर्ष 2011 से वह लगातार भुगतान के लिए प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय स्तर से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक गुहार लगाने के बाद वर्ष 2014 में हाईकोर्ट की शरण ली। वर्ष 2022 में विभागीय सचिव और 2023 में कोषागार पदाधिकारी से भी पत्राचार किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में वह और उनकी पत्नी बीमार हैं तथा आर्थिक परेशानी के कारण इलाज में कठिनाई हो रही है। आरटीआई के माध्यम से भी जानकारी मांगी गई है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।



