बरहेट में झामुमो की बैठक, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मुद्दा पहुंचाने का निर्देश
बरहेट (साहिबगंज)। आवाज प्रतिनिधि। बरहेट प्रखंड झामुमो कमेटी की बैठक मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में हुई। बैठक में जिला सचिव सुरेश टुडू, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय गोस्वामी, केंद्रीय समिति सदस्य सह पर्यवेक्षक मुजीबुर्रहमान सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में नेताओं ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन विधेयक को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि विधेयक से राज्य की मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रभाव पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे को बूथ स्तर तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने की अपील की गई।
बैठक में बताया गया कि विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को साहिबगंज जिले के सभी प्रखंडों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
बैठक को जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. नजरूल इस्लाम, प्रखंड अध्यक्ष बर्नार्ड मरांडी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।



