साइकिल से आमने-सामने हुई टक्कर, परिजनों के प्रदर्शन से तीनपहाड़ मार्ग पर आवागमन प्रभावित
राजमहल। संवाददाता। राजमहल थाना क्षेत्र के मुंडाई स्थित झमझिमिया के समीप सोमवार शाम मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान महावीर उरांव (56 वर्ष), पिता छेड़ उरांव, निवासी तूतिपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महावीर उरांव को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे परिजन
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, परिजनों को किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिलने से नाराज लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर मुंडाई स्थित झमझिमिया काली मंदिर के समीप सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से तीनपहाड़ की ओर आने-जाने वाला आवागमन प्रभावित हो गया।
सूचना मिलने पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से जाम हटाने को लेकर बातचीत की जा रही थी।
बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी मनी उरांव और दो पुत्रों समेत परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन मुआवजा उपलब्ध कराने और परिवार को आवश्यक सहायता देने की मांग कर रहे हैं।



