बरहरवा/साहिबगंज। उत्क्रमित उच्च विद्यालय भौंरा बांध में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर आमसभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बैजून मुर्मू ने की। विभागीय दिशा-निर्देश के तहत पर्यवेक्षक के रूप में मोहम्मद आरिफ राजा उपस्थित रहे।
अभिभावकों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया। मतदान में नुरुल इस्लाम अंसारी को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं रसमेरी हांसदा का चयन सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष पद के लिए किया गया।
पर्यवेक्षक मोहम्मद आरिफ राजा एवं ग्राम प्रधान की मौजूदगी में नवचयनित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों एवं शिक्षकों ने दोनों को बधाई देते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास, बेहतर पठन-पाठन व्यवस्था और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की उम्मीद जताई।



