चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर में दिनदहाड़े कधमा निवासी होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दोस्तों संग मीटिंग के बाद निकलते समय अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उनकी मौत हो गई.
जमशेदपुर : चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल में मीटिंग खत्म हुई और कदमा निवासी व होटल कारोबारी निखार सबलोक अपने दोस्तों के साथ बाहर निकले. अभी वह होटल की सीढ़ियों से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ ही रहे थे कि पहले से घात लगाये बैठे दो अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. अचानक हुई फायरिंग से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. निखार को चार गोलियां लगीं. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गये. दोस्त निखार को लेकर टीएमएच अस्पताल पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

दोस्तों संग मीटिंग कर निकले तभी अपराधियों ने चलाई गोली
घटना सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर की है. बताया जाता है कि होटल कारोबारी निखार अपने कुछ दोस्तों के साथ व्यवसाय को लेकर होटल में मीटिंग कर रहे थे. मीटिंग खत्म होने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़े, होटल परिसर में पहले से मौजूद दो अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी.
गाड़ी में इंतजार कर रहे दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल
फायरिंग की आवाज सुनकर होटल के बाहर गाड़ी में इंतजार कर रहे निखार के दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल निखार को वे गाड़ी से टीएमएच अस्पताल लेकर गये. अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटनास्थल से मिले 9 खोखे
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखे बरामद किया है. अपराधियों ने किस वजह से निखार की हत्या की और वारदात के पीछे कौन लोग हैं, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है.
भाजपा से भी जुड़े थे निखार सबलोक
निखार सबलोक होटल कारोबारी होने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े हुए थे. दिनदहाड़े होटल परिसर में हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गयी है. वहीं, मिली जानकारी के मुताबिक निखार विधायक सरयू राय के भी करीबी बताए जाते हैं. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



