विधायक प्रतिनिधि ने विजेता व उपविजेता टीम को किया पुरस्कृत, बड़ी संख्या में उमड़े ग्रामीण
उधवा। प्रखंड के आतापुर पंचायत अंतर्गत हाथीबांध मैदान में सोमवार को भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में उधवा प्रखंड के घोड़ाबीर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पतना प्रखंड के आमगाछी की टीम उपविजेता रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन समिति का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे पारंपरिक कार्यक्रम हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे ग्रामीणों के बीच आपसी भाईचारा और मेल-जोल भी मजबूत होता है। प्रतियोगिता को देखने के लिए हाथीबांध समेत आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा और लोगों ने प्रतियोगिता का जमकर आनंद लिया। मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य मो. एकलाकुर, प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली, अब्दुल कादिर, बरनावास सोरेन, कीनू सोरेन, मंगल मरांडी सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



