साहिबगंज। संवाददाता। श्रावण मास की पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर रविवार को शहर में प्रभु श्री खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। पुरोहित महेंद्र शर्मा के नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ चौक बाजार स्थित डाकीनाथ महादेव मंदिर के ठाकुरबाड़ी प्रांगण से हुआ। महिला-पुरुष श्रद्धालु हाथों में श्याम बाबा का निशान लेकर जय श्री श्याम और खाटू श्याम के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। निशान यात्रा चौक बाजार, गांधी चौक, बाटा रोड, धर्मशाला चौक, महाजन पट्टी, गोपालपुल और भरतीया कॉलोनी होते हुए पुरुषोत्तम गली स्थित श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मंदिर में पुरोहित सोनू पांडे ने पुत्रदा एकादशी व्रत की कथा एवं विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मौके पर अंकित केजरीवाल, अंकित शर्राफ, प्रियंका, वर्षा अग्रवाल, काजल, दीपशिखा कुमारी, सृष्टि, अमृता, पल्लवी कुमारी, श्रेया मुरारका और संगीता सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे।



