साहिबगंज।संवाददाता। शहर में बढ़ते जाम को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एसडीपीओ सुशील कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह सहित अन्य ने पूरे शहर का जायजा लिया। शहर में लगने वाले जाम स्थल को चिन्हित किया। जाम लगने के कारण उत्पन्न होने वाली ट्रैफिक समस्याओं की जांच की। बताया जा रहा है कि जाम की समस्या का मुख्य कारण शहर के दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर अतिक्रमण है। इसके अलावा नो एंट्री के समय बड़े वाहन बिना अनुमति के शहर में घुस जाते हैं जिससे जाम की समस्या आती है। नो इंट्री के समय सुबह 7 से रात्रि 9 बजे तक भारी वाहन ट्रैक्टर सहित अन्य भारी वाहन का शहर में प्रवेश वर्जित है। पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। वही दुकानदारों को भी अपने निर्धारित सीमा तक दुकान लगाने का निर्देश दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि शहर में जाम से मुक्ति दिलाने के लिए शहर का जायजा लिया गया है, हर चौक चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मौके पर मेजर रोहित दुबे सहित अन्य थे।



