साहिबगंज में राहत-बचाव की तैयारियों का लिया जायजा, निचले व दियारा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने का निर्देश
साहिबगंज। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को विभिन्न गंगा घाटों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ठाकुरबाड़ी घाट, पुरानी साहिबगंज और शकुंतला सहाय घाट समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर जलस्तर, आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लिया।
निचले और दियारा क्षेत्रों पर विशेष नजर

उपायुक्त ने अधिकारियों को गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी करने और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते लोगों को सतर्क करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पहले से तैयारी पूरी रखी जाए। साथ ही नावों की उपलब्धता और बचाव दलों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
टेंट, भोजन-पानी और पशुओं के चारे की व्यवस्था के निर्देश
उपायुक्त ने अपर समाहर्ता एवं अंचलाधिकारी सदर को नगर क्षेत्र में संभावित प्रभावित लोगों के लिए उपयुक्त परिसरों में जलरोधी तंबू, पेयजल और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रभावित मवेशियों के लिए चारे का प्रबंध करने को भी कहा।
उन्होंने घाटों और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि आपदा से निपटने में पूर्व तैयारी सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आम लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।



