उधवा। राधानगर थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उधवा अंचल के सीआई हैदर अली ने की। थाना दिवस में जमीन से जुड़े विवादों को दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर आपसी समझौते से सुलझाने की दिशा में पहल की गई। शनिवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से कई लोग अपनी जमीन संबंधी समस्याएं लेकर थाना दिवस में पहुंचे। अधिकारियों ने बारी-बारी से सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पक्षों से मामले की जानकारी ली।सीआई हैदर अली ने बताया कि थाना दिवस के दौरान जमीन से संबंधित कुल सात मामले सामने आए। सभी मामलों में दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रतर किया गया। उन्होंने कहा कि जमीन विवादों को आपसी सहमति और नियमानुसार सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विवादों का शांतिपूर्ण समाधान हो सके। मौके पर एसआई जुमराती अंसारी समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



