मनसा पूजा के बाद बेटी के घर जाने के दौरान हादसा, सुबह मिला शव
तीनपहाड़: थाना क्षेत्र के धुलियार गांव स्थित पोखर से शनिवार को पुलिस ने 58 वर्षीय महिला सावित्री देवी का शव बरामद किया। बताया गया कि वह मनसा पूजा में शामिल होने के बाद बेटी के घर निमगाछी जा रही थीं। आशंका है कि पोखर के पास पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हुई।
रातभर खोजबीन के बाद सुबह मिला शव:
सावित्री देवी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने देर रात तक उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची तीनपहाड़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



