उधवा। उधवा प्रखंड मुख्यालय स्थित बीपीआरसी भवन में शुक्रवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) भारती ने की। प्रशिक्षण में सेविकाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित प्रावधानों एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान सीडीपीओ ने सेविकाओं को योजना के उद्देश्य, पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवेदन की प्रक्रिया तथा योजना के लाभ से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने में आंगनबाड़ी सेविकाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेविकाओं को निर्देश दिया कि लाभुकों की पहचान एवं आवेदन की प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरती जाए तथा पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही योजना का क्रियान्वयन निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान सेविकाओं की समस्याओं और योजना के संचालन से जुड़े आवश्यक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने सेविकाओं से कहा कि क्षेत्र में योजना को लेकर लाभुकों के बीच जागरूकता बढ़ाएं और पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए सक्रियता से कार्य करें। मौके पर महिला पर्यवेक्षिका दरखासा खातून समेत प्रखंड क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।



