बरहरवा/साहिबगंज। संवाददाता। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा की व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विधायक निसात आलम ने सोमवार को रांची में झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीप्त कुमार सोनू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केकेएम कॉलेज, पाकुड़ में स्नातक स्तर के विभिन्न विषयों में घटाई गई सीटों को पूर्व की तरह बहाल करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
विधायक ने बताया कि कॉलेज में इतिहास, राजनीतिक विज्ञान, हिंदी और संथाली विषय में पहले 300-300 सीटें थीं, जिन्हें घटाकर 180-180 कर दिया गया है। इसके अलावा लेबर एंड सोशल वर्क विषय को भी कॉलेज से हटा दिया गया है।
विधायक ने कहा कि सीटों में कटौती से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में परेशानी होगी और उन्हें दूसरे शहरों का रुख करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी विषयों में पूर्व निर्धारित सीटें बहाल करने की मांग की।
मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सचिव से पूरी रिपोर्ट मंगाने का निर्देश दिया और छात्रों के हित में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
अब पढ़िए अगली खबर: वाहन जांच अभियान में 20 वाहनों पर कार्रवाई, 50 हजार रुपये का चालान




