साहिबगंज। संवाददाता। स्वच्छता के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर से रविवार को सिदो-कान्हू स्टेडियम में नगर परिषद एकादश और मीडिया एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच कराया गया। ‘स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत आयोजित मुकाबले में खेल के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। मैच का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान एवं कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया एकादश ने निर्धारित 12 ओवर में 67 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगर परिषद एकादश की टीम ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में 68 रन बनाकर जीत दर्ज की।
मैच के बहाने स्वच्छता का संदेश:
मुकाबले के बाद नगर परिषद अध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि घरों से निकलने वाला कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि नगर परिषद के कचरा उठाव वाहन को सौंपें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता के प्रति जागरूकता से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। विजेता नगर परिषद एकादश और उपविजेता मीडिया एकादश को अध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मौके पर सिटी मैनेजर रवि कुमार, वार्ड पार्षद चमरू उरांव, पार्वती उरांव, दीपा देवी सहित नगर परिषद कर्मी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।




