पुणे के हड़पसर स्थित आभूषण दुकान से लाखों की चोरी, सीसीटीवी सुराग के आधार पर राधानगर में जांच
उधवा: महाराष्ट्र के पुणे शहर में हुए एक बड़े ज्वेलरी चोरी कांड की जांच अब झारखंड के उधवा प्रखंड तक पहुंच गई है। मामले में सुराग की तलाश करते हुए महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम राधानगर थाना क्षेत्र में पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्धों के ठिकानों पर सत्यापन अभियान चलाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 30 मार्च को पुणे के हड़पसर इलाके स्थित एक आभूषण दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और सोना-चांदी के सिक्के, मूर्तियां, कंगन सहित लाखों रुपए के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दुकान मालिक संदीप परशुराम ने हड़पसर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हड़पसर थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। घटनास्थल से ऑक्सीजन सिलेंडर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए, जिससे यह संकेत मिला कि चोरी की वारदात योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई। वहीं, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद कुछ संदिग्धों की पहचान के संकेत मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम बुधवार को राधानगर थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टीम ने गोलढाब चुआर समेत आसपास के कई इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। हालांकि, गहन जांच और छानबीन के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी। सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस की टीम गुरुवार शाम को बिना किसी गिरफ्तारी के वापस लौट गई, लेकिन मामले में आगे की कार्रवाई जारी रहने की बात कही जा रही है।




