उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर पलाशगाछी पंचायत स्थित खट्टी टोला के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान 35 वर्षीय हेना बीबी के रूप में हुई है। वह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने पति के साथ बाइक से अमानत गांव जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को संभाला। वहीं दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोककर चालक के खिलाफ नाराजगी जताई और सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

सूचना मिलते ही राधानगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक मनोज पासवान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण इब्राहिम शेख, वसीम शेख, जियाउल शेख, मासूम शेख, यूसुफ शेख, मंजरूल शेख, महबूब शेख, सद्दाम शेख, हलीम शेख, सूरज शेख, डालम शेख, साहिल शेख समेत अन्य ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन कर सैकड़ों ट्रैक्टरों के माध्यम से विभिन्न जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण सड़क पर हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है और कई लोग पहले भी हादसों का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध मिट्टी उत्खनन और उसके परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए आगे भी विरोध प्रदर्शन करने की बात कही गई है।




