उधवा। जिले के पीपरजोरिया (कल्याणचक) के व्यक्ति को राधानगर थाना क्षेत्र के एक युवक द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताकर एक व्यक्ति को झांसे में लिया और उसकी पत्नी की शिक्षक पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, पीपरजोरिया गांव निवासी आनन्द कुमार यादव ने राधानगर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया है कि वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के मनिहारी टोला भट्ठा निवासी सामोद मोमीन नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़े नेताओं और अधिकारियों से करीबी संबंध रखने वाला बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह उसकी पत्नी रुबी कुमारी को टीजीटी-2026 के तहत शिक्षक पद पर पक्की नौकरी दिला देगा। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने फर्जी आईडी कार्ड, नियुक्ति पत्र और विजिटिंग कार्ड दिखाए। साथ ही यह दावा किया कि वह पहले भी कई लोगों को नौकरी दिला चुका है। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपी को नकद और ऑनलाइन माध्यम (फोन पे) से कुल 7 लाख रुपये दे दिए। इतना ही नहीं, आरोपी के कहने पर एक खाली चेक और अभ्यर्थी के सभी जरूरी दस्तावेज भी सौंप दिए गए। कुछ समय बाद आरोपी ने एक नियुक्ति पत्र सौंपा, लेकिन जब उसकी जांच कराई गई तो वह पूरी तरह फर्जी निकला। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के पास इस ठगी से जुड़े बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल रिकॉर्डिंग और फर्जी दस्तावेज जैसे अहम सबूत मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राधानगर थाना पुलिस ने कांड संख्या 101/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सामोद मोमीन को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




