उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर पलाशगाछी पंचायत के नकीरटोला बहियार में बीते दिनों गेहूं फसल कटाई को लेकर हुई मारपीट मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा मे भेज दिया।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर पलाशगाछी पंचायत के नकीर टोला बहियार में जमीन को लेकर पहले से ही दो पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। दोनों ही पक्ष उक्त जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। इसी बीच शाम को जब गेहूं की फसल कटाई शुरू हुई, तो अचानक विवाद बढ़ गया।आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के गफ्फार शेख, अफसर शेख समेत अन्य लोगों ने मिलकर 65 वर्षीय हाफू शेख पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में हाफू शेख के पेट, हाथ और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को लेकर पुलिस ने कांड संख्या 94/26 के तहत कुल 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी गफ्फार शेख और अफसर शेख को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई जारी है।




