उधवा : प्रखंड क्षेत्रों में सोमवार को प्रकाश का पर्व दीपावली पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए अंधकार पर प्रकाश की जीत के इस महापर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। सुबह से ही लोगों ने अपने घरों की साफ-सफाई कर सजावट शुरू कर दी थी। शाम होते ही हर गाँव और कस्बे में मिट्टी के दीयों और बिजली की रंगीन झालरों से घर-आँगन जगमगा उठे।शुभ मुहूर्त में हर घर में धन और समृद्धि की देवी माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने अपने परिवार की सुख-शांति और मंगल कामना की। पारंपरिक रूप से घरों में तरह-तरह के पकवान और मिठाईयाँ बनाई गईं, जिनका भोग लगाकर लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजा-अर्चना के बाद, बच्चों और युवाओं ने सुरक्षित दूरी पर जाकर आतिशबाजी का आनंद लिया। रंग-बिरंगे पटाखों के शोर से आसमान गूँज उठा, जिससे त्योहार का उत्साह चरम पर पहुँच गया।लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान यह पर्व सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता हुआ दिखाई दिया। पर्व को लेकर राधानगर थाना पुलिस अलर्ट मोड में थी। पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों को शांति माहौल में पर्व मनाने की अपील की। दीपावली के साथ ही प्रखंड क्षेत्र में आने वाले चित्रगुप्त पूजा और छठ पूजा जैसे त्योहारों को लेकर भी उत्साह का माहौल बन गया है।