पत्रकार की गिरफ्तारी पर NHRC ने संज्ञान लिया है. आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव और DGP को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में रिपोर्ट तलब की है. मामले की जांच होगी.
Journalist Arrest Case: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और समाचार संस्थान के कार्यालय में कथित छापेमारी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया है. आयोग की सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया है. दोनों अधिकारियों को शिकायत में लगाये गये आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) सौंपने का निर्देश दिया गया है.पत्रकार की गिरफ्तारी और कार्यालय में छापेमारी की शिकायत
आयोग को 26 नवंबर को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ पॉक्सो का मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय समाचार संस्थान के कार्यालय में कथित तौर पर छापेमारी की गयी. इस दौरान पत्रकारिता से जुड़े उपकरण जब्त किये जाने की बात भी शिकायत में कही गयी है. शिकायत के अनुसार, मामले की रिपोर्टिंग करनेवाले पत्रकार अभिषेक भारती को भी गिरफ्तार कर लिया गया. नाबालिग को डराने-धमकाने और गलत गवाही दिलाने का आरोप
अभिषेक भारती पर सिमडेगा की एक नाबालिग को अगवा कर डराने-धमकाने और सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत गवाही दिलाने का आरोप है. हालांकि, शिकायत में पॉक्सो मामले की जांच प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाये गये हैं. इसमें पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गयी है.
दो सप्ताह में मांगी गयी कार्रवाई रिपोर्ट
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने शिकायत में उठाये गये बिंदुओं की जांच कर मुख्य सचिव और डीजीपी से दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है. आयोग की कार्यवाही की प्रति भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी भेजी गयी है. अब राज्य सरकार और पुलिस विभाग की रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई होगी.



