झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का समापन समारोह आज. सीएम हेमंत सोरेन 9097 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. टॉपर्स और पुलिसकर्मियों को किया जाएगा सम्मानित.
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का समापन समारोह आज. सीएम हेमंत सोरेन 9097 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. टॉपर्स और पुलिसकर्मियों को किया जाएगा सम्मानित.
Jharkhand Foundation Day: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का समापन समारोह शनिवार को खेलगांव में आयोजित होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समारोह में शामिल होकर राज्य को 9097 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. इस दौरान कुल 1643 योजनाओं का शिलान्यास किया जायेगा. इनमें सड़क निर्माण से जुड़ी 100 और कल्याण विभाग की 400 योजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन भी किया जायेगा.
मैट्रिक-इंटर के टॉपर्स होंगे सम्मानित
समारोह में मुख्यमंत्री आइसीएसइ, सीबीएसइ और जैक बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे. शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया जायेगा. स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में विकास योजनाओं के साथ शिक्षा और पुलिस सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देनेवालों को भी सम्मानित किया जायेगा.
सात आइपीएस समेत 42 पुलिसकर्मियों को मिलेगा पदक
समारोह में सात आइपीएस अधिकारियों समेत कुल 42 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को वीरता और सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किये जायेंगे. पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह और रांची के एसएसपी राकेश रंजन समेत 13 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को वीरता के लिए मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया जायेगा.
29 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को मिलेगा झारखंड पुलिस पदक
वहीं, सीआइडी के आइजी असीम विक्रांत मिंज, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता, एसपी अभियान (नक्सल) दीपक शर्मा, गोड्डा एसपी मुकेश कुमार और एआइजी सह डीजीपी के विशेष सहायक दीपक कुमार पांडेय समेत 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को झारखंड पुलिस पदक प्रदान किया जायेगा. समारोह में विकास योजनाओं की शुरुआत, विद्यार्थियों का सम्मान और पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान करना प्रमुख आकर्षण होंगे.



