राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ़्तारी और उपकरण ज़ब्त मामले में राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी किया है. दो हफ़्ते में मांगी एक्शन रिपोर्ट.
रांची: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया है. उन पर सिमडेगा की एक नाबालिग को अगवा कर डराने-धमकाने और सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत गवाही देने के लिए दबाव बनाने का आरोप है. आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी किया है. दोनों अधिकारियों को शिकायत में लगाये गये आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) सौंपने का निर्देश दिया गया है.
समाचार संस्थान में छापेमारी और उपकरण जब्त करने का आरोप
आयोग को 26 नवंबर को मिली शिकायत में कहा गया है कि एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ पॉक्सो का मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय समाचार संस्थान के कार्यालय में कथित तौर पर छापेमारी की गयी. इस दौरान पत्रकारिता से जुड़े उपकरण भी जब्त कर लिये गये. शिकायत के अनुसार, मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार को भी नाबालिग से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया. शिकायत में पॉक्सो मामले की जांच प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाये गये हैं. साथ ही पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गयी है. आयोग की कार्यवाही की प्रति भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी भेजी गयी है.



