—— सुबह 8 बजे तक और दोपहर में मालवाहक वाहनों के प्रवेश की अनुमति देने का आग्रह
साहिबगंज: ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मिलकर नगर के व्यापारियों को नो-एंट्री से हो रही परेशानी के संबंध में मांग-पत्र सौंपा। चैंबर ने सुबह की नो-एंट्री अवधि में राहत देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सुबह 6 बजे तक ही मालवाहक वाहनों को प्रवेश की अनुमति है। सर्दी के मौसम में इस समय अंधेरा और ठंड रहने के कारण दुकानें नहीं खुलतीं तथा मजदूर भी उपलब्ध नहीं होते। इससे माल उतारने में परेशानी होती है। चैंबर ने सुबह 8 बजे तक और दोपहर 11:30 से 2 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश की अनुमति मांगी।
उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि आगामी सड़क समिति की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। तब तक नो-एंट्री का पालन करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। मांग-पत्र की प्रति पुलिस अधीक्षक को भी दी गई। प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहित बेगराजका, नवल किशोर मंडल, अंकित तमाखुवाला और रवि शंकर पोद्दार शामिल थे।



