—– ग्राम प्रधानों को कानून के प्रावधानों की दी गई जानकारी
उधवा। प्रखंड क्षेत्र में ग्रामसभा की भूमिका और पारंपरिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उधवा प्रखंड सभागार में पेसा कानून पर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के माध्यम से पारंपरिक ग्राम प्रधानों को पेसा कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों, दायित्वों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल, ग्राम प्रधान साहेब राम मुर्मू एवं नाईकी हांसदा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद प्रशिक्षक प्रभात कुमार सिंह ने पेसा कानून तथा झारखंड नियमावली 2025 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि पेसा कानून का मूल उद्देश्य अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभाओं को अधिकार संपन्न बनाना, आदिवासियों की पारंपरिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था को संरक्षित करना और गांव से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्राम प्रधानों को उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के साथ ग्रामसभा की कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तारपूर्वक समझाया।सम्मेलन में मौजूद ग्राम प्रधानों ने कानून के विभिन्न प्रावधानों को लेकर सवाल पूछे, जिनका प्रशिक्षक ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
अधिकारियों ने भी ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और ग्रामसभा को प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मौके पर पंचायत सचिव सत्यनारायण रजवार, मोनिका मुर्मू, प्रेमचंद रजक, ग्राम प्रधान ठाकुर हेंब्रम, नाजिर हेंब्रम, प्रधान किस्कू, शिवलाल हेंब्रम, जेठा मरांडी, सफल सोरेन, दुलर हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं अन्य लोग उपस्थित थे।



