राजमहल: राजमहल नगर पंचायत के सभागार में शुक्रवार को सफाई मित्रों के लिए लैंगिक समानता एवं सामाजिक समावेशन विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी सफाई मित्रों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर नगर प्रबंधक बीरेश कुमार एवं कनीय अभियंता जितेश कुमार चौधरी ने महिला-पुरुष समानता, आपसी सम्मान, कार्यस्थल पर भेदभाव रहित व्यवहार और सामाजिक समावेशन के महत्व की जानकारी दी। सफाई मित्रों को बताया गया कि प्रत्येक कर्मचारी को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण मिलना जरूरी है।
इस मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी कर्मियों को आपसी सम्मान, समानता और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से कार्यस्थल का माहौल बेहतर होगा।
प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर वार्ड पार्षद राजकुमार मंडल, अनिता बसाक, उज्ज्वल हलदार, राजू सरकार, बरकत अली सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



