बरहेट/साहिबगंज: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को बरहेट प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ अंशु कुमार पांडे के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख बर्नाड मरांडी एवं प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच चेक, स्वीकृति पत्र और परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस के माध्यम से 90 सखी मंडलों को बैंक क्रेडिट लिंकेज तथा 115 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के चेक सौंपे गए। कृषि विभाग की ओर से किसानों को मसूर, सरसों और गेहूं के बीज उपलब्ध कराए गए। वहीं, पशुधन विकास योजना के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया गया तथा दो पेंशन लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिए गए।
इसके अलावा अबुआ आवास योजना के लाभुक गोपाल बेसरा और गीता देवी को गृह प्रवेश के लिए घर की चाबी एवं उपहार सौंपे गए। वहीं, रांची में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने जा रही सखी मंडल की दीदियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।



